मानसखंड मंदिर माला मिशन के लिए भी अनुरोध किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके मार्गदर्शन में केदारनाथ एवं बदरीनाथ को मास्टर प्लान तैयार कर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने इसी तर्ज पर प्रदेश के कुमाऊं मंडल के पौराणिक मंदिरों को जोड़ने के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
टीएचडीसी इंडिया में 25 हिस्सेदारी मांगी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से टीएचडीसी इंडिया लि. में उत्तराखंड को 25 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने की मांग की। कहा कि कंपनी की 70 प्रतिशत परियोजनाएं उत्तराखंड राज्य में ही स्थित हैं। परियोजनाओं से उत्पन्न होने वाली पुनर्वास, कानून व्यवस्था तथा अन्य सामाजिक एवं पर्यावरण संबंधी चुनौतियों का सामना भी उत्तराखंड को करना पड़ता है। इस मामले में एक वाद सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कंपनी की इक्विटी शेयर धारिता में उत्तर प्रदेश की 25 प्रतिशत अंशधारिता को उत्तराखंड राज्य को स्थानान्तरित करने में केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
ये भी पढ़ें...Weather Alert: चारधाम यात्रा पर आने वाले मौसम का हाल जरूर जान लें, भूस्खलन के खतरे को देखते हुए एडवाइजरी जारी
रक्षा मंत्री से सैनिक स्कूल जखोली के लिए मांगी वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीएम ने केंद्रीय रक्षा मंत्री से रुद्रप्रयाग जिले में सैनिक स्कूल जखोली के अवस्थापना विकास के लिए वित्तीय सहायता का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक अतिरिक्त सैनिक स्कूल जखोली जनपद रुद्रप्रयाग में खोले जाने की मंजूरी मिली थी। सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए उत्तराखंड राज्य द्वारा अवस्थापना संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करानी थी। मुख्यमंत्री ने सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री से राज्य में सीमित संसाधन देखते हुए केंद्र सरकार से अवस्थापना विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने का अनुरोध किया।
रक्षा मंत्री को अग्निपथ योजना पर पूर्व सैन्य अधिकारियों के सुझाव सौंपे
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को अग्निपथ योजना पर राज्य के पूर्व सैनिकों के सुझाव भी सौंपे। उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना पर 20 जून को उत्तराखंड के सभी जिलों के पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। संवाद कार्यक्रम में योजना को राष्ट्रीय सुरक्षा व युवाओं के भविष्य के अनुकूल बताया गया। इस दौरान उन्होंने अपने-अपने सुझाव व विचार व्यक्त किए गए। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पूर्व सैन्य अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझाव सौंपे।
सुझाव : पूर्व सैनिकों का दर्जा मिले, अवधि 10 साल हो
संवाद में पूर्व सैन्य अधिकारियों ने अग्निपथ योजना के अग्निवीरों की सेवा अवधि को चार साल से बढ़ाकर 10 साल करने और उन्हें पूर्व सैनिकों का दर्जा देने का सुझाव दिया था। साथ ही उनका मानदेय 11 लाख से बढ़ाकर 20 लाख करने की वकालत की थी। राज्यों में आसान किस्तों पर ऋण, अनुदान व निशुल्क भूमि व अन्य सुविधाएं देने का भी सुझाव आए थे।
कुमाऊं में विरासत सर्किट और ऋषिकेश के लिए विशेष पैकेज मांगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी से कुमाऊं मंडल के लिए विरासत सर्किट और ऋषिकेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए विशेष वित्तीय पैकेज देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़, चंपावत में पौराणिक धार्मिक गुफाओं का विकास, नैनीताल में कैंची धाम, अल्मोड़ा में विरासत सर्किट, निर्बाध कनेक्टिविटी के लिए हैलीपोर्ट्स, ओम पर्वत सर्किट, होम स्टे का विकास, पर्यटक कस्बों का विकास एवं ऐतिहासिक विरासत स्थलों के विकास का प्रस्ताव तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के तट पर स्थित ऋषिकेश अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योगनगरी के रूप में विश्व विख्यात है। ऋषिकेश की पर्यटन क्षमता एवं आकर्षण को बढ़ाने के लिए इसे अंतरराष्ट्रीय टूरिस्ट डेस्टीनेशन के रूप में विकसित किये जाने की भी योजना है। इन दोनों परियोजनाओं के विकास से राज्य के पर्यटन विकास को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से दोनों योजनाओं को केंद्र सरकार से विशेष पैकेज के रूप में वित्त पोषण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई से की भेंट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। जस्टिस देसाई राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए गठित कमेटी की अध्यक्ष हैं। मुख्यमंत्री व जस्टिस देसाई के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई।