लगातार तीन बार बसपा से विधायक रहे हरिदास ने मंगलवार को एक जनसभा में हाथी से उतरकर हाथ थाम लिया। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उनके कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।
विज्ञापन
लाठरदेवा हूण में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिदास को उनके समर्थकों के साथ विधिवत कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस दौरान सीएम हरीश रावत ने कहा कि विकास की ओर से बढ़ रहे देश के छह राज्यों में उत्तराखंड नंबर वन है।
अगर आने वाले चुनाव में जनता साथ देगी तो उत्तराखंड को देश का नंबर वन राज्य बना देंगे। मोदी और अमित शाह की तरफ इशारा करते हुए सीएम रावत ने कहा कि दिल्ली के राजनीतिक पहलवान देहरादून आकर उन्हें मिटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता के सहयोग से हम दोबारा सत्ता में आएंगे।
विज्ञापन
सीएम ने कहा कि दिल्ली वालों को उत्तराखंड का विकास भा नहीं रहा है। पहले मोदी सरकार ने नोटबंदी से प्रदेश की जनता को परेशान किया, अब प्रदेश की जनता के राशन को भी बंद कर दिया, लेकिन कांग्रेस विकास की लड़ाई लड़ रही है जिसमें उसे सफलता जरूर मिलेगी।
भाजपा के झंडे पर सीएम ने कसा तंज
हरीश रावत
- फोटो : AmarUjala
भाजपा के झंडे की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वह अपनी छतों पर दोरंगे झंडे से परहेज कर तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि 2009 के लोकसभा चुनाव में हरिद्वार की जनता ने राजनीतिक जिंदगी देने का काम किया था। इस बार भी हरिद्वार की जनता 11 सीटों पर जीत देकर प्रदेश को बचाने का काम करे। उन्होंने कहा कि मसूरी के बिना देहरादून अधूरा है, उसी तरह हरिद्वार के बिना हरीश रावत भी कुछ नहीं है।
क्षेत्रीय विधायक एवं कार्यक्रम के संयोजक हरिदास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों में विश्वास रखती है, इसलिए ही उन्होंने समर्थकों की राय के बाद कांग्रेस में जाना मुनासिब समझा। पूर्व विधायक यशवीर सिंह, काजी निजामुद्दीन, मनोहरलाल शर्मा, डॉ. गौरव चौधरी, राजपाल सिंह, विरेंद्र शेरपुर, अतर सिंह, मंडी समिति चेयरमैन आदित्य ब्रजवाल, कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव विकास त्यागी, सेठपाल, अक्षय प्रधान, विवेक चौधरी, रामसिंह सैनी, राव फरमूद, अशोक चौधरी आदि मौजूद रहे।
लाठरेदवा को मिली डिग्री कॉलेज की सौगात
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने क्षेत्र के युवाओं को इंटर के बाद की शिक्षा गांव में मुहैया कराने के लिए राजकीय डिग्री कॉलेज बनाने की घोषणा की। उसका नाम भी डॉ. भीमराव अंबेडकर रखने का ऐलान किया। इसके अलावा सीएम ने सरकारी आरक्षित पदों को भी शीघ्र भरने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे पहले आरक्षण के तहत ही 108 कन्याओं को सब इंस्पेक्टर बनाया गया है।
कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए डांसरों का सहारा लिया गया। बताया जाता है कि वैसे तो नाचे-गाने के प्रोग्राम में मशहूर डांसर सपना को आना था, जिसका क्षेत्र में पूरा प्रचार-प्रसार भी किया गया था, लेकिन वह नहीं आई, जिससे कुछ लोग निराश होकर लौट गए, हालांकि डांसर राजबाला और मोनिका ने भीड़ को अपने ठुमकों से जमाए रखा। लोगों ने डांस का जमकर मजा लिया और पैसे लुटाए। वहीं अव्यवस्था के कारण कई बार डांस के कार्यक्रम को बंद करना पड़ा। क्योंकि कुछ युवक स्टेज पर बार-बार पहुंचते रहे। जिससे उन्हें उतारने के लिए कई बार कार्यक्रम को बीच में रोकना पड़ा।
कपड़े लेने के लिए महिला हुई बेहोश
विधायक हरिदास की ओर से कार्यक्रम में गरीबों को कपड़े बांटने का कार्यक्रम भी रखा गया था, लेकिन जब महिलाओं को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सूंट बांटने शुरू किए गए तो आपा-धापी मच गई। दो महिला तो भीड़ में सूट लेने के चक्कर में बेहोश भी हो गई। जिन्हें पानी पिलाकर होश में लाया गया।