एडीबी कार्यालय में करीब तीन साल पहले प्रदर्शन और तोड़फोड़ के मामले में आरोपी भाजपा के महानगर महामंत्री आदित्य चौहान और पार्षद बाबूराम ने बुधवार को अदालत में सरेंडर किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए अदालत ने आज (बृहस्पतिवार) की तारीख निर्धारित की है।
शहर में एडीबी के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों, सीवर लाइनों और अन्य समस्याओं का समाधान न होने पर 12 जून 2013 को विधायक हरबंस कपूर के नेतृत्व में भाजपाइयों ने आईएसबीटी स्थित एडीबी कार्यालय पर जनसभा की। इस दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने एडीबी कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी।
सात लोगों के खिलाफ दर्ज थी नामजद एफआईआर
उत्तराखंड अरबन सेक्टर डेवलपमेंट इनवेस्टमेंट प्रोग्राम के अमित थापा की ओर से इस मामले में पटेलनगर कोतवाली में सात भाजपाइयों को नामजद करते हुए मुकदमा कराया गया था। पुलिस द्वारा दो भाजपा नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद आक्रोशित भाजपाइयों ने कोतवाली में प्रदर्शन, नारेबाजी और हंगामा भी किया। बुधवार को आरोपित आदित्य चौहान और पार्षद बाबूराम ने अदालत में सरेंडर कर दिया। आरोपितों की जमानत पर आज सुनवाई होगी।