उत्तराखंड में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के पारंगत कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के लिए दून में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर के कलाकार वाद्य यंत्रों के जरिए प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का आयोजन 23 और 24 अक्तूबर को किया जाएगा।
रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए चारधाम अस्पताल के संचालक डॉ. केपी जोशी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है। बताया कि 23 अक्तूबर को रेंजर्स ग्राउंड में कलाकारों के बीच प्रस्तुतीकरण होगा। जबकि, 24 अक्तूबर को नगर निगम के सभागार में कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकार किसी विशिष्ट कला जैसे परंपरागत वाद्य यंत्र, संगीत, सांस्कृतिक परंपरा, शिल्प एवं कारीगरी से जुड़े होंगे। साथ ही रिंगाल, लकड़ी, ऊन, नेचुरल फाइवर, ताम्र आदि का काम करते हों।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर एक समिति बनी है, जो प्रतिभाओं को विभिन्न श्रोतों से चिह्नित कर रही है। कार्यक्रम में गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी और जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। पत्रकार वार्ता में उद्योग विभाग के निदेशक सुधीर नौटियाल भी मौजूद रहे।