एसटीएफ और पटेलनगर पुलिस ने दून में एक और फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा है। कॉल सेंटर से 18 लैपटॉप और कंप्यूटर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। देर रात तक एसटीएफ और पुलिस कॉल सेंटर की जानकारी जुटा रही थी। सूत्रों के मुताबिक फर्जी कॉल सेंटर से कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ और पटेलनगर पुलिस को थाना क्षेत्र के प्रीत विहार में एक फर्जी कॉल सेंटर की सूचना मिली। सूचना पर देर रात एसटीएफ और पटेलनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से कॉल सेेंटर पर छापा मारा और वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि कॉल सेंटर से एसटीएफ और पुलिस ने 18 कंप्यूटर और लैपटॉप भी बरामद किए हैं। कॉल सेंटर के बारे में एसटीएफ देर रात तक जानकारी जुटाती रही। गिरफ्तार आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार कॉल सेंटर हाल ही में पकड़े गए कॉल सेंटरों के भांति लोगों से फर्जीवाड़े में शामिल हो सकता है। देर रात तक कार्रवाई चल रही थी। एसटीएफ शनिवार को इस संबंध में पूरी जानकारी देगी।