हॉस्टल बेचने के नाम पर एक रिटायर्ड आयकर अधिकारी से 3.65 करोड़ रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसओ प्रेमनगर धनराज बिष्ट ने बताया कि विजय यादव निवासी रेल विहार सेक्टर 15 भाग 2, गुडगांव, हरियाणा ने शिकायत की थी। वह आयकर विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनकी शिकायत पर राकेश त्यागी निवासी कोल्हूपानी प्रेमनगर, रामकुमार त्यागी निवासी ग्राम टिकोला तहसील व जिला सोनीपत हरियाणा, राजवीर त्यागी निवासी गणेशपुर, मवाना, मेरठ, उत्तर प्रदेश, रामनेरश निवासी ग्राम मोहम्मदपुर, कबीम, गाजियाबाद, अवनीश निवासी, मोहम्मदपुर उत्तर प्रदेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। विजय यादव के अनुसार राकेश त्यागी ने कोलूपानी स्थित अपनी जिया हॉस्टल उनसे बेच दी थी। इसके लिए अनुबंध हुआ था कि हॉस्टल पर किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। तय समय पर इस हॉस्टल पर उन्हें कब्जा दे दिया जाएगा, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि एमडीडीए में इस हॉस्टल को लेकर विवाद चल रहा है। यही नहीं फर्जी वसीयत बनाकर इस जमीन को बेचने का मामला भी आ चुका है।