नशे में टल्ली टीचर नहीं बता पाई राष्ट्रपति का पूरा नाम
- फोटो : डेलीमेल
अमेरिका के फ्लोरिडा के सैनफोर्ड स्थित बेंटली एलीमेंट्री स्कूल में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब बच्चों को पढ़ाने पहुंची ये टीचर नशे में धुत पाई गई। स्कूल की पिंसिपल के मुताबिक 52 वर्षीय होली जोएल स्कूल में टेंपरेरी टीचर के तौर पर पढ़ाने आती रही है। लेकिन बीते मंगलवार को जब जोएल कक्षा दो के बच्चों को पढ़ाने पहुंची तो सब के सब उसे नशे में चूर देखकर हैरान रह गए। जोएल के मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी। हालत ऐसी थी कि मदमस्त जोएल नशे के सुरूर में इधर-उधर झूम रही थी और जुबान कुछ भी बोलते वक्त लड़खड़ा रही थी।
जोएल की इस हालत के बारे में जब स्कूल की प्रिंसिपल मारथा गार्सिया को पता चला तो वो फौरन जोएल की तरफ दौड़ीं। गार्सिया जोएल की इस करतूत तो देखकर हैरान थीं। शराब की खुमारी में जोएल इस कदर टल्ली थी कि अमेरिका के राष्ट्रपति का पूरा नाम तक नहीं बता पाई। स्कूल की प्रिंसिपल ने जब जोएल के होश-ओ-हवास को जानने के लिए उससे बात करने की कोशिश की तो उसने शराब पीकर आने की बात से इनकार किया। लेकिन जब उससे पूछा गया कि आज का दिन कौन सा है तो उसका डब्बा गोल हो गया। जोएल न तो दिन बता पाई और न हीं राष्ट्रपति बराक ओबामा का पूरा नाम ही।
काफी देर तक स्कूल में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। तब तक प्रिंसिपल गार्सिया ने पुलिस को फोन कर बुला लिया था। पुलिस आई और जोएल को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल ले गई।
'स्कूल में भी पानी की बोतल में शराब लेकर आई थी टीचर'
टीचर की इस हरकत से सहमे बच्चों के घरवाले
- फोटो : getty
पुलिस को स्कूल में जोएल के पास से एक गुलाबी रंग के पेय से भरी बोतल भी मिली। बोतल पानी की थी, लेकिन उसमें भरे पेय को सूंघने पर पता चला कि जोएल स्कूल में भी शराब लेकर आई थी।
पुलिस जोएल को सेंट्रल फ्लोरिडा रीजनल हॉस्पिटल से सीधे सेमनोल काउंटी जेल ले गई।
जोएल की इस हरकत से स्कूल की तो बदनामी हुई ही, बच्चों के माता-पिता के मन में डर भी पैदा हुआ। स्कूल में घटी इस घटना के बारे में प्रिंसिपल गार्सिया ने बच्चों के माता-पिता को लिखित में सफाई दी जिसमें बताया कि घटना के दौरान किसी भी बच्चे को कोई हानि नहीं पहुंची।
नशे में धुत जोएल जब कक्षा में पढ़ाने पहुंची तो उस वक्त एक इंटर्न भी वहीं मौजूद थी। स्कूली सूत्रों के मुताबिक जोएल को बीते वर्षों में दस असाइनमेंट दिए गए जबकि उसके पास टीचिंग सर्टिफिकेट तक नहीं है।