हरिद्वार के कस्बे से सटे शेखपुरी गांव में बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने खनन कारोबारी दो युवकों को गोली मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात तक पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी।
लक्सर निवासी करुणेश पुत्र राजकुमार और अनिल पुत्र सतपाल बुधवार रात कस्बे से सटे शेखपुरी गांव गए हुए थे। अचानक बाइक सवार दो हमलावर उनके पास आए और दोनों के सीने में गोली मारकर फरार हो गए।
दूसरा गंभीर हालत में रेफर
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। खून से लथपथ दोनों युवकों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रुड़की ले जाते समय खनन कारोबारी अनिल की मौत हो गई। जबकि रुड़की पहुंचने पर डॉक्टरों ने दूसरे युवक करुणेश को जौलीग्रांट रेफर कर दिया।
पुलिस ने लक्सर व खानपुर से लगी यूपी की सीमा समेत जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाकर बदमाशों की तलाश शुरू की। लेकिन देर रात तक उनका कहीं पता नहीं चल पाया। पुलिस परिजनों से बातचीत कर हमले का कारण जानने में जुटी है। सीओ लक्सर जीएस रौतेला ने बताया कि गोली लगने से घायल अनिल की मौत हो चुकी है। करुणेश को रेफर कर दिया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।