एसपी कार्यालय में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पहुंचे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। हहिरगंज चौकी क्षेत्र में हुए विक्रम सिंह उर्फ राजा सिंह हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार कराने के लिए भीड़ ने सोमवार को एसपी दफ्तर घेरा। नारेबाजी की और पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाया। एसपी को दफ्तर के बाहर बुलाने की जिद करने पर एसपी उखड़ पड़े। कोतवाल व महिला एसओ से प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई। बाद में आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन कर रहे लोग वापस गए। बता दें कि देवीगंज निवासी वीर सिंह चौहान के बेटे विक्रम सिंह उर्फ राजा सिंह का शुक्रवार सुबह ट्रैक पर गर्दन से अलग शव बरामद हुआ था। बहन रंजना की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसी मांग को लेकर बहन रंजना सिंह समेत परिजन व हिंदू सेना संगठन के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
वहां प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन की खबर पर शहर कोतवाल आरके पांडेय व महिला एसओ प्रतिमा सिंह पहुंची। दफ्तर में मौजूद एसपी कलानिधि नैथानी ने कहलवाया कि प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं, दो-तीन लोग आकर अपनी बात कहें। इधर, प्रदर्शन कर रहे लोग इस बात पर अड़ गए कि जब तक एसपी खुद बाहर नहीं आएंगे, उनका कोई प्रतिनिधि भीतर नहीं जाएगा। अड़ियल रवैया देख एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई। तब तक कोतवाल व एसओ से प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प होने लगी। बाद में एसपी ने परिजनों को बुलाकर उन्हें आश्वासन दिया। साथ ही प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिदायत के साथ कहा कि प्रदर्शन कर दबाव बनाने की जरूरत नहीं है। हर समस्या को शांतिपूर्वक तरीके से बताया जा सकता है। निदान न होने पर आक्रामक रवैया अपनाना चाहिए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से धमकी मिलने की बात कही। एसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। आरोपियों की धमकी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।