पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मीडिया के सामने पेश किया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभ नगर कॉलोनी में पैरा कमांडो की पत्नी से पर्स लूट के मामले में सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटा गया पर्स भी बरामद हुआ है। शनिवार को एसपी किरीट कुमार राठौर ने घटना का खुलासा किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि देहरादून जाने के लिए किराया का पैसा कम पड़ रहा था। इसलिए उसने महिला का पर्स लूट लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बल्लभ नगर कॉलोनी निवासी ज्योति वर्मा पत्नी अभिषेक राजपूत शुक्रवार दोपहर एक बजे घर से बाजार जाने के लिए निकली थी। तभी कॉलोनी के पास ही पीछे से आए एक बाइक सवार युवक झपट्टा मारकर उनका पर्स लूटकर भाग गया। घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी समेत अफसरों ने सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीर कैद होने के बाद उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार देर रात ही सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी और असम चौकी इंचार्ज अचल कुमार ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की छानबीन में जुटे रहे। शनिवार सुबह साढ़े तीन बजे के आसपास कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबीर खां निवासी फैसल उर्फ मुन्ना पुत्र जहांगीर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयोग की गई बाइक और महिला से लूट हुआ पर्स बरामद हुआ।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में एसपी किरीट कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। 2017 में चौक बाजार और 2018 में कोतवाली से लूटपाट करने के मामले में जेल जा चुका है। पीड़िता और उसके भाई विनोद कुमार वर्मा के द्वारा भी की गई है। उसके पास से लूट गया पर्स और उसमें रखे दस हजार रुपये में से 3600 रुपये भी बरामद होने के साथ एक बाइक बिना रजिस्ट्रेशन की मिली है। घटना को अंजाम देने के बाद वह देहरादून भागने के चक्कर में था। पूछताछ करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
देहरादून में एक बल्ब फैक्ट्री में काम करता है आरोपी
पकड़ा गया आरोपी फैसल देहरादून में एक बल्ब बनाने वाली फैक्टरी में काम करता है। 2018 में कोतवाली से लूट की घटना में जेल से आने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ देहरादून में जाकर नौकरी करने लगा था। चार माह पहले अपने घर आया हुआ था। उसे देहरादून वापस जाना था, लेकिन रुपये में कम पड़ रहे थे। इसलिए उसने लूट की योजना बनाते हुए घटना को अंजाम दिया था।
लापरवाही बरतने वाले सिपाही को किया लाइन हाजिर
बल्लभ नगर कॉलोनी में लूट की घटना के मामले में पहले 112 को चोरी की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने पर पवन मोबाइल पर तैनात सिपाही नागेंद्र मौके पर पहुंचा था। लेकिन घटना चोरी के बजाए लूट की निकलने के बाद भी सिपाही नागेंद्र ने अफसरों को मामले की सूचना नहीं दी। जबकि घटना पांच बजे की थी लेकिन मामले की जानकारी अफसरों को पांच बजे के बाद दी गई थी। इस पर एसपी
किरीट कुमार राठौर ने लापरवाही बरतने के मामले में सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।