इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन का दूसरा चरण यूएई में शुरू हो चुका है। दोबारा शुरू हुई लीग में अब तक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं। दुनियाभर की चर्चित टी-20 लीगों में शुमार आईपीएल की हर तरफ धूम है और कई स्टार खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि अफगानिस्तान में बनी तालिबान सरकार ने इसके प्रसारण पर रोक लगा दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार ने देश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व मीडिया मैनेजर एम इब्राहिम मोमंद ने ट्वीट कर इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तालिबान के मुताबिक आईपीएल में इस्लाम विरोधी चीजें दिखाई जाती हैं, महिलाएं बालों को ढके बगैर स्टेडियमों में जाती हैं और यहां लड़कियां (चीयरलीडर्स) नाचती हैं और इसी वजह से इसके प्रसारण पर रोक लगाई गई होगी।
बता दें कि अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद तालिबान वहां महिला अधिकारों के खिलाफ काम कर रहा है। तालिबान ने खेलों में महिलाओं की भागीदारी पर भी रोक लगा दी है। यही नहीं सत्ता संकट से जूझ रहे अफगानिस्तान में अब मनोरंजन के अधिकतर साधनों पर भी प्रतिबंध लगाया दिया गया है।
गौरतलब है कि आईपीएल में अफगानी क्रिकेटरों की धूम है। इसमें इस वक्त तीन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान, ऑलराउंडर नबी और युवा स्पिनर मुजीब उर रहमान सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा हैं।