Syed Mushtaq Ali Trophy: अक्षय कर्णेवर
- फोटो : सोशल मीडिया
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कई नए सितारे उभर के आते हैं। इस टूर्नामेंट के दम पर फ्रेंचाइजी आईपीएल के लिए उनका चयन करती है। ऐसे में विदर्भ के एक स्पिनर अक्षय कर्णेवर ने बड़ा कारनामा किया है। वही टी-20 के एक मैच में चार मेडन ओवर डालने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। मणिपुर के खिलाफ मैच में अक्षय ने यह कारनामा किया। इसके साथ ही उन्होंने दो विकेट भी झटके।
अक्षय की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह दोनों हाथों से गेंदबाजी करते हैं। अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और फ्रेंचाइजी टी-20 मिलाकर भी किसी गेंदबाज एक मैच में चार ओवर मेडन नहीं डाले हैं। अक्षय के दोनों हाथों से गेंदबाजी का एक्शन भी सामने आया है। सोशल मीडिया पर इसे खूब पसंद भी किया जा रहा है।
विदर्भ ने मणिपुर को 167 रनों से हराया
विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 222 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जितेश शर्मा ने नाबाद 71 और अपूर्व वानखेड़े ने 49 रन की पारी खेली। जवाब में मणिपुर की टीम 16.3 ओवर में सिर्फ 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह विदर्भ ने यह मैच 167 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
मध्य प्रदेश के वेंकटेश की किफायती गेंदबाजी
इसी टूर्नामेंट के एक और मैच में भारतीय टीम में चुने गए युवा ऑलराउंडर मध्य प्रदेश के वेंकटेश अय्यर ने भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने बिहार के खिलाफ चार ओवर में सिर्फ दो रन दिए। इसमें से वेंकटेश ने दो ओवर मेडल डाले थे। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का इनाम वेंकटेश को मिला और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम में चुने गए हैं।