कंज्यूमर इंटेलिजेंस कंपनी ब्रांडवाच के वार्षिक शोध के अनुसार दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (35वें नंबर) इस साल ट्विटर पर 50 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल हैं। उन्हें अमेरिकी अभिनेता ड्वेन जॉनसन व लियोनार्डो डि कैपरियो और अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा से ऊपर जगह मिली है।
अमेरिकी गायिका टेलर स्विफ्ट इस सूची में पहले जबकि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे स्थान पर हैं। शोध में सचिन को इस सूची में शामिल करने के लिए उनके वंचित तबके के लोगों के लिए सराहनीय काम, उनके लिए आवाज उठाने और उचित अभियानों के लिए आगे रहने, उनके काम के बाद उनके प्रेरित प्रशंसकों और उनके साझेदार ब्रांड के प्रासंगिक प्रभावशाली अभियानों का हवाला दिया गया।
राज्यसभा के भी सदस्य सचिन एक दशक से अधिक समय से यूनिसेफ से जुड़े रहे हैं और 2013 में उन्हें दक्षिण एशिया का दूत नियुक्त किया गया। सचिन ने ग्रामीण और शहरी भारत दोनों जगह स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्रों में कई पहल का समर्थन किया है।