महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स चौथी बार चैंपियन बनने के लिए तैयार है। धोनी की अगुवाई में टीम शुक्रवार को चेन्नई से यूएई के लिए रवाना हो गई। बता दें कि आईपीएल के दूसरे चरण का आगाज 19 सितंबर से हो जाएगा। पहले दिन यानी 19 को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स की भिड़ंत होगी। आईपीएल के बाकी बचे 31 मुकाबले 27 दिन में दुबई, शारजाह और अबु धाबी में खेले जाएंगे। चेन्नई से ठीक एक दिन पहले मुंबई की टीम यूएई के लिए रवाना हुई थी।
15 अक्तूबर को दुबई में फाइनल
10 अक्तूबर को पहला क्वालीफायर दुबई में जबकि 11 अक्तूबर को एलिमिनेटर शारजाह में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा क्वालीफायर 13 अक्तूबर को शारजाह में खेला जाएगा। 15 अक्तूबर को दुबई में फाइनल खेला जाएगा। दें कि कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद आईपीएल के 14वें सीजन को चार मई को स्थगित कर दिया गया था। दो मई तक कुल 29 मुकाबले खेले गए थे।
चेन्नई दूसरे स्थान पर
आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स पांच मैचों में जीत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी पांच मैचों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।