सीरीज से पहले जिस बात का डर था, वही होता नजर आ रहा है। हमेशा की तरह हमारी बल्लेबाजी तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थिति में कमजोर नजर आ रही है। जेम्स एंडरसन, ओली रॉबिनसन और क्रैग ओवरटन जैसे तेज गेंदबाज टीम इंडिया पर भारी पड़ रहे हैं। इस सीरीज का एक और खास पहलू यह है कि सिर्फ भारत ही नहीं, इंग्लिश बल्लेबाज भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे। दोनों टीमों की बल्लेबाजी में फर्क है तो सिर्फ एक खिलाड़ी का और वह खिलाड़ी है- इंग्लैंड का टेस्ट कप्तान जो रूट।
आप सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे हो सकता है, लेकिन इसमें 100 फीसदी सच्चाई है। इस सीरीज के आंकड़े इसी ओर इशारा करते हैं। इस सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 10 बल्लेबाजों की लिस्ट में सात खिलाड़ी भारत के हैं। इसमें केएल राहुल (252), रोहित शर्मा (230), चेतेश्वर पुजारा (162), रविंद्र जडेजा (133), विराट कोहली (124), अजिंक्य रहाणे (95) और ऋषभ पंत (87) के नाम शामिल हैं। यानी भारत की अंतिम एकादश का हर एक बल्लेबाज इस लिस्ट में शामिल है।