भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा अगले महीने से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो में से एक टेस्ट मैच से बाहर रह सकते हैं। बताया जा रहा है कि रोहित निजी कारणों के चलते इस सीरीज का एक मुकाबला नहीं खेल पाएंगे और उन्होंने इस बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को भी अवगत करा दिया है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज की शुरुआत 22 नवंबर से पर्थ में होने वाले मुकाबले से होगी। रिपोर्ट के अनुसार, इस बात की संभावना है कि रोहित पहले या एडिलेड में छह से 10 दिसंबर के बीच होने वाले दूसरे मैच से बाहर रह सकते हैं। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी।
आने वाले दिनों में मिलेगी पुख्ता जानकारी
बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, फिलहाल स्थिति के बारे में पूरी स्पष्टता नहीं है। यह समझा जाता है कि रोहित ने बीसीसीआई को बताया है कि इस बात की संभावना है कि वह निजी कारणों के चलते पांच मैचों की सीरीज के शुरुआती दो में से किसी एक टेस्ट में उपलब्ध नहीं होंगे। अगर सीरीज शुरू होने से पहले वह कारण सुलझ गया तो रोहित सभी पांच टेस्ट मैच खेल सकते हैं। आने वाले दिनों में हमें इस बारे में और जानकारी मिलेगी।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में लिया था हिस्सा
रोहित ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में हिस्सा लिया था। भारत का सामना अब तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड से होगा जिसकी शुरुआत 16 अक्तूबर से होगी। अगर रोहित ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच नहीं खेल पाते हैं तो उनकी जगह फॉर्म में चल रहे अभिमन्यु ईश्वरन को मौका दिया जा सकता है। हालांकि, शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी ओपनिंग जोड़ी के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। ईश्वरन उस दौरान ऑस्ट्रेलिया में ही होंगे क्योंकि वह इंडिया ए टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
इस बारे में चर्चा नहीं है कि टेस्ट टीम का उपकप्तान कौन होगा। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के दौरान भी आधिकारिक रूप से रोहित का कोई डेप्यूटी नहीं था। इस बारे में कानपुर टेस्ट से पहले अभिषेक नायर ने कहा था, मुझे लगता है कि हमें समझना होगा कि हमारे पास टीम में कई आईपीएल कप्तान मौजूद हैं। जब आप इस बारे में बात करते हैं तो आपको देखना होगा कि शुभमन गिल, ऋषभ पंत और यशस्वी जायवाल जैसे खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो अपनी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करते हैं।