भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस महीने तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टी-20 के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है। वहीं, टेस्ट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अभी टीम का एलान नहीं किया है। अगले कुछ दिनों में इसकी भी घोषणा हो जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि पहले टेस्ट में विराट को आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह रोहित शर्मा ही कप्तानी करेंगे। वहीं, दूसरे टेस्ट से विराट वापसी करेंगे और तब वह कमान संभालेंगे।
साहा को टेस्ट टीम से बाहर किया जा सकता है
इस टेस्ट सीरीज को लेकर बीसीसीआई और भी कई बड़े बदलाव कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को टीम से बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह केएस भरत को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर मौका मिल सकता है। ऋषभ पंत पहली पसंद होंगे। इसके बाद टीम साहा को मौका दे रही थी। वहीं, भरत रिजर्व के तौर पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे पर गए थे। लेकिन अब उन्हें प्रमोशन मिल सकता है।
साहा की उम्र बीसीसीआई के लिए चिंता का विषय
भरत ने घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाए हैं। वह पिछले कुछ समय से इंडिया-ए के नियमित सदस्य रहे हैं। साथ ही आईपीएल में भी उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से खेलते हुए कई महत्वपूर्ण पारियां खेली थीं। ऐसे में बीसीसीआई एक बड़ा फैसला ले सकता है। इतना ही नहीं साहा की उम्र भी अब काफी हो चुकी है और बीसीसीआई को उनका विकल्प तलाशने की जरूरत है। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज सबसे बेहतर मौका होगा। साहा 37 साल के हैं। वहीं, भरत 28 साल के हैं।
भरत ने फर्स्ट क्लास और आईपीएल में खूब रन बनाए
भरत ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 78 मैचों में 37.24 की औसत से 4283 रन बनाए हैं। इसमें 23 फिफ्टी और 9 शतक शामिल हैं। वहीं, लिस्ट ए में उन्होंने 51 मैचों में 28.14 की औसत से 1351 रन बनाए हैं। इसमें पांच फिफ्टी और तीन शतक शामिल है। भरत ने आईपीएल 2021 के आठ मैचों में 38.20 की औसत से 191 रन बनाए थे। एक मैच में तो उन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर बैंगलोर को जिताया था। आईपीएल में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से कई पूर्व क्रिकेटर्स को प्रभावित किया था।
पंत विकेटकीपर के लिए पहली पसंद होंगे
वहीं, पंत भारत के मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेलना जारी रखेंगे। पंत पिछले डेढ़ साल में टेस्ट में भारत के लिए अहम कड़ी साबित हुए हैं। पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण सीरीज में दो अहम पारियां खेली थीं। इसकी बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार टेस्ट की सीरीज में 2-1 से हराया था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी पंत ने कई अहम पारियां खेली थीं।