इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भारतीय कप्तान विराट कोहली की तारीफ की है। भारतीय कप्तान को सातवीं बार आउट करने वाले एंडरसन ने कहा कि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। मैच के बाद एंडरसन ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मुझे लगता है कि यह विशेष था। पिछले कुछ वर्षों में हम दोनों के बीच कई बार आमना सामना हुआ है। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं।' इस तेज गेंदबाज ने कहा, 'वह ऐसे बल्लेबाज हैं, जो आपको चुप रखना चाहते हैं। खासकर पांच मैचों की सीरीज में यदि उनका बल्ला चलता है तो उससे काफी परेशानियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि पूरी सीरीज में हमने विराट के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की है। हमें बस ऐसा करते रहना है। और जितना संभव हो सके उसे रन बनाने से रोके रखना है।'
एंडरसन ने आगे कहा, 'हम शांत रहने की कोशिश करते हैं, बाकी कुछ चीजों को अनदेखा करते हैं। हमारा ध्यान वहां रहता है, जो हम करना चाहते हैं। शोर शराबा से मेरा कोई खास वास्ता नहीं रहता। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम क्या कर रहे हैं और उसी पर मेरा ध्यान रहता है।' एंडरसन ने आगे कहा, 'उम्र बढ़ने के साथ मुझे लगता है कि मुझे जिम में अधिक कड़ी मेहनत करनी चाहिए। मैं नेट्स पर कम गेंदबाजी करता हूं और इसे मैच के लिए बचाए रखने की कोशिश करता हूं जबकि यह अधिक मायने रखती है।'
बता दें कि यह सातवां मौका है, जब एंडरसन ने कोहली को आउट किया। वहीं, इस सीरीज में दूसरी बार एंडरसन ने कोहली को पवेलियन भेजा। लीड्स में भारतीय कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह एक बार फिर ऐसा करने में नाकाम रहे। वह 17 गेंदों में सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें एंडरसन ने बटलर के हाथों कैच आउट करवाया। बता दें कि एंडरसन ने टेस्ट में सर्वाधिक बार कोहली को आउट करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन के रिकॉर्ड की बराबरी की। लियोन ने 33 पारियों में और एंडरसन ने 41 पारियों में ऐसा किया।