भारत ने इंग्लैंड को पांचवें टेस्ट मैच में एक पारी और 64 रन से मात देकर सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमा लिया। इससे पहले टीम ने विशाखापत्तनम, राजकोट और रांची में जीत दर्ज की थी। लगातार चौथे मुकाबले में मिली हार के बाद इंग्लिश टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का दर्द छलक गया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम से तमाम गलतियां हुईं जिसका खामियाजा उन्हें इस सीरीज में हार के साथ चुकाना पड़ा।
धर्मशाला टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहली पारी में इंग्लैंड ने 218 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 477 रन पर खत्म हुई थी। इस तरह टीम इंडिया को 259 रन की लीड मिली थी। इंग्लैंड की दूसरी पारी 195 रन पर सिमट गई और भारत ने पारी और 64 रन से जीत हासिल की। भारत के गेंदबाजी आक्रमण के आगे इंग्लिश टीम का बल्लेबाजी क्रम ध्वस्त हो गया।
इंग्लिश कप्तान ने जताई निराशा
स्टोक्स ने कहा, "हमें सीरीज में बेहतर टीम ने पछाड़ दिया। हमें आने वाले समय में काफी क्रिकेट खेलना (न्यूजीलैंड और पाकिस्तान सीरीज) है, जिसका हमें इंतजार है। जब आप इंडिया सीरीज को देखें तो हम छोटे-छोटो मोमेंट्स को बरकरार नहीं रख सके। हम सभी व्यक्तिगत रूप से जानते हैं कि गलती कहां हुई । हम इस सीरीज से पॉजिटिव लेकर जाएंगे। हैदरबाद के बाद भारत गेंद के साथ शीर्ष पर रहा और हम पर दबाव पड़ा। हमारे खिलाड़ियों को निपटने के तरीके ढूंढने होंगे और जोखिमों को लेने के लिए पर्याप्त सकारात्मक होने की आवश्यकता है। ऐसी स्थिति में कभी-कभी नुकसान उठाना पड़ सकता है। क्रॉली और डकेट ने अच्छी साझेदारियां कीं, बशीर और हार्टली पूरी सीरीज में असाधारण रहे। रूट का फॉर्म में आना हमारे लिए अच्छी बात है।"
700 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले तीसरे गेंदबाज बने एंडरसन
इंग्लैंड के 42 वर्षीय तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने धर्मशाला में खेले गए मुकाबले के दौरान 700 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए। इसी के साथ वह मुथैया मुरलीधरन और शेन वॉर्न के क्लब में शामिल हो गए। सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की सूची में एंडरसन तीसरे गेंदबाज बन गए। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने उन्हें बधाई दी। दिग्गज ने कहा, "जिमी के साथ मैदान पर होना अद्भुत है। एक तेज गेंदबाज के लिए 700 विकेट लेना लाजवाब है। उन्होंने जिस दिन पहली बार क्रिकेटर बनना शुरू किया, उनकी तब से आज तक वही इच्छा और प्रतिबद्धता अब भी कायम है। मैंने जितने क्रिकेटर देखे हैं, वह उनमें सबसे फिट हैं।"