बीसीसीआई ने बताया है कि तीसरे दिन रोहित फील्डिंग करने नहीं आएंगे। उनके कमर में दर्द है। इस अपडेट के बाद जाहिर है कि उपकप्तान जसप्रीत बुमराह फिलहाल कप्तानी की भूमिका निभा रहे हैं। रोहित ने पांचों टेस्ट खेले हैं और वर्कलोड की वजह से उन्हें समस्या आ सकती है। इसके अलावा गुरुवार को उन्होंने बेहतरीन शतक जमाया था। उन्होंने 103 रन की पारी खेली थी और काफी समय क्रीज पर बिताया था। हालांकि, उनका यह दर्द कितना गंभीर है, यह देखने वाली बात होगी, क्योंकि 22 मार्च से आईपीएल की शुरुआत भी हो रही है।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड की दूसरी पारी जारी है। भारत ने अपनी पहली पारी में 477 रन बनाए। शनिवार को भारतीय पारी समाप्त हुई। जेम्स एंडरसन ने कुलदीप यादव और शोएब बशीर ने बुमराह को पवेलियन भेजा। शनिवार को भारत ने आठ विकेट पर 473 रन से आगे खेलना शुरू किया और चार रन बनाने में बाकी दो विकेट गंवा दिए। एंडरसन 700 विकेट के मुकाम को छूने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज और ओवरऑल तीसरे गेंदबाज हैं। उनसे ज्यादा टेस्ट विकेट सिर्फ मुथैया मुरलीधरन (800) और शेन वॉर्न (708) ने लिए हैं। इंग्लैंड की ओर से बशीर ने सबसे ज्यादा पांच विकेट झटके। वहीं, एंडरसन और हार्टले को दो-दो विकेट मिले। स्टोक्स को एक विकेट मिला।