समझा जाता है कि बीसीसीआई ने बताया है कि 900 करोड़ की कर छूट के बारे में सरकार से बात की जा रही है और बोर्ड ताजा जानकारी देता रहेगा। इसके अलावा अगले चक्र में चार और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप कराने का भी फैसला लिया गया, जो 2023 से 2031 के बीच आठ साल के चक्र में खेली जाएगी। पहली विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 से 22 जून तक खेला जाएगा।
बैठक में हुआ फैसला
- 2027 और 2031 वन-डे विश्व कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी
- 2024-30 के बीच टी-20 विश्व कप में खेलेंगी 20 टीमें, हर दो साल में होगा आयोजन
- 2025 और 2029 में आठ टीमों की चैंपियंस ट्रॉफी होगी
- नौ टीमों का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप भी रहेगा जारी
15 सितंबर से 15 अक्तूबर के बीच आईपीएल
एक जुलाई के बाद बीसीसीआई एक अन्य विशेष आम बैठक (एसजीएम) बुलाएगा। आईसीसी 18 जुलाई को शुरू होने वाले वार्षिक सम्मेलन के दौरान अपने अंतिम फैसले की औपचारिक घोषणा कर सकता है। आईपीएल के बाकी बचे मैचों का आयोजन 15 सितंबर से 15 अक्तूबर के बीच संयुक्त अरब अमीरात में होगा लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड टी-20 विश्व कप के आयोजन का मौका नहीं गंवाना चाहता है, जिसके लिए यूएई वैकल्पिक स्थान है।
सौरव गांगुली को लेनी होगी सरकार से इजाजत
कोरोना स्थिति को देखते हुए भारत में मेजबानी करना सही होगा या नहीं, इसके लिए सौरव गांगुली को सरकार से भी इजाजत लेनी पड़ेगी। बीसीसीआई यदि अक्तूबर-नवंबर में मेजबानी करने में सफल रहता है तो इसे नौ स्थलों के बजाय मुंबई में तीन स्थलों पर आयोजित किया जा सकता है।