भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्होंने निजी कारणों के चलते इस सीरीज के बाकी बचे मुकाबलों से छुट्टी दी गई है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान डीन एल्गर ने स्टार खिलाड़ी पर बड़ा आरोप लगाया है। एल्गर ने दावा किया है कि कोहली ने उन पर थूका था।
डीन एल्गर ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 84 टेस्ट मैच खेले जिनमें 5146 रन बनाए। एल्गर के नाम इस फॉर्मेट में 13 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं। स्टार क्रिकेटर पहली बार भारत दौरे पर 2015 में आए थे। इस दौरान उनकी मैदान पर विराट कोहली से झड़प हो गई थी।
विराट और एल्गर के बीच हुई थी झड़प
इस बात का खुलासा करते हुए उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान पर आरोप लगाया कि उन्होंने उन पर थूका था। बाद में दोनों के बीच गाली-गलौच भी हुई थी। एल्गर ने कहा, “जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया तो ऐसा लगा कि अश्विन और क्या नाम है उसका जजेजा.... जा-जा-जाजेजा के खिलाफ खुद को बचा रहा हूं और कोहली ने मेरे ऊपर थूक दिया। इसके जवाब में मैंने कोहली को गंदी गाली दी।“
'कोहली ने मांगी थी माफी'
केपटाउन में भारत के खिलाफ अपने करियर का आखिरी मुकाबला खेलने वाले कैरिबियाई खिलाड़ी ने बताया कि एबी डिविलियर्स से बातचीत के बाद जब भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई थी तब कोहली ने उनसे माफी मांगी थी। दोनों साथ में ड्रिंक्स पर भी गए थे। एल्गर ने आगे कहा, ''डिविलियर्स को पता चला कि कोहली ने क्या किया है और वह उनके पास गए और पूछा तुम मेरी टीम के साथी पर क्यों थूक रहे हो? दो साल बाद साउथ अफ्रीका में उन्होंने मुझे फोन किया और पूछा कि क्या वह सीरीज के बाद ड्रिंक के लिए मेरे साथ चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी हरकत के लिए माफी मांगना चाहते हैं। हमने 3 बजे तक ड्रिंक ली थी। यह तब की बात है जब वह ड्रिंक करता था। जाहिर है वह अब थोड़ा बदल गया है।''