पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान
- फोटो : एएनआई (फाइल)
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी कप्तानी में टीम को वनडे विश्व कप का खिताब दिलाने वाले इमरान खान ने मोहसिन नकवी की अगुआई वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की जमकर आलोचना की है। इमरान ने राष्ट्रीय पुरुष टीम के प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त की और कहा कि रावलपिंडी में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में हार निराशाजनक है। इमरान ने खेल को बर्बाद करने के लिए पीसीबी को आड़े हाथों लिया।
रावलपिंडी की सेंट्रल जेल से पत्रकारों के साथ बात करते हुए इमरान ने हाल के दिनों में पाकिस्तान के पुरुष टीम के प्रदर्शन पर चर्चा की और टीम के खराब प्रदर्शन के कारण मौजूदा प्रशासकों पर हमला बोला। इमरान खान ने कहा, क्रिकेट ऐसा खेल है जिसे देश में सभी गहरी रुचि के साथ देखते हैं, लेकिन पावरफुल लोगों ने इसे भी बर्बाद कर दिया और इस पर नियंत्रण रखने के लिए अपने लोगों को बैठा दिया गया।
उन्होंने कहा, पहली बार हम पाकिस्तानी विश्व कप के शीर्ष चार में जगह नहीं बना सके या टी20 विश्व कप के शीर्ष आठ में नहीं पहुंच पाए। फिर हाल ही में हमें बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ढाई साल पहले इस टीम ने भारत को 10 विकेट से हराया था, लेकिन इस दौरान ऐसा क्या हो गया कि यह टीम बांग्लादेश से हार गई। टीम के इस खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी सिर्फ एक ही संस्था को जाती है।
इमरान ने नकवी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
इमरान खान ने अपने नेतृत्व में पाकिस्तान को पहली बार 1992 में वनडे विश्व कप का खिताब दिलाया था। उन्होंने नकवी पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। नकवी इस साल फरवरी में पीसीबी के चेयरमैन बने थे। पाकिस्तान की हार के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी नकवी की आलोचना की थी। पूर्व सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद उन क्रिकेटरों में शामिल हैं जिन्होंने नकवी की आलोचना की थी। मालूम हो कि बांग्लादेश ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया था।