न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में दर्शक मैदान में आ सकेंगे, लेकिन उन्हें कुछ शर्तों का पालन करना होगा।
- फोटो : सोशल मीडिया
टी-20 वर्ल्डकप के बाद टीम इंडिया 17 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए रोहित शर्मा को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है। साथ ही दर्शकों को भी मैदान में आने की अनुमति दी गई है। मार्च 2021 के बाद यह पहला मौका है, जब भारत में दर्शकों को स्टेडियम में जाकर क्रिकेट मैच देखने की अनुमति दी गई है। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में दर्शकों को स्टेडियम में जाने की अनुमति दी गई थी।
इंग्लैंड और यूएई सहित कई देशों में पहले ही दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति मिल चुकी है, लेकिन भारत में कोरोना की दूसरी लहर के चलते दर्शकों के मैदान में आने पर रोक लगी हुई थी। अब देश में बड़ी संख्या में लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है, जिसके बाद सीमित संख्या में दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति दी जा रही है।
न्यूजीलैंड का भारत दौरा 17 नवंबर से शुरू होगा। पहले दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 मैच होंगे। इसके बाद दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी।
क्या है गाइडलाइन
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 17 नवंबर को जयुपर में खेला जाएगा। दर्शक मैदान में आकर इस मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। हालांकि उन्हें दर्शकों को मैदान के अंदर प्रवेश दिया जाएगा, जिन्होंने कम से कम कोरोना वैक्सीन का एक डोज लगवा लिया हो। इसके बाद दूसरा मैच रांची में होगा। यहां मैदान की क्षमता के 50 फीसदी दर्शकों को आने की अनुमति दी जाएगी। वहीं कोलकाता में होने वाले तीसरे मैच में 70 फीसदी दर्शक स्टेडियम में जाकर मैच देख सकेंगे। कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम की दर्शक क्षमता 68 हजार दर्शकों की है। ऐसे में 47 हजार के करीब लोग यहां मैदान में जाकर सीरीज का आखिरी टी-20 मैच देख सकेंगे।
22 महीने से पाबंदियों के बीच हो रहे मैच
भारत में कोरोना महामारी होने के बाद से क्रिकेट मैच में कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई हैं। भारत ने जनवरी 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जो सीरीज खेली थी। उसमें आखिरी बार पूरी क्षमता के अनुसार दर्शकों को आने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद कोरोना के चलते दक्षिण अफ्रीका के साथ सीरीज रद्द हुई और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट और टी-20 सीरीज में दर्शक मैदान पर लौटे थे। हालांकि पूरी क्षमता के अनुसार दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति नहीं थी और खिलाड़ी भी बायो बबल का हिस्सा रहे हैं। अब भारत में कोरोना का असर कम होने और टीकाकरण बढ़ने के बाद फिर से दर्शकों के लिए मैदान खोले जा रहे हैं।