इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर पॉल न्यूमैन ने टीम इंडिया पर बड़ा आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, मैनचेस्टर टेस्ट रद्द होने को लेकर उन्होंने टीम इंडिया के खिलाड़ियों, बीसीसीआई और आईपीएल की भी खूब आलोचना की।
भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में होने वाले पांचवें टेस्ट मैच के रद्द होने के बाद बयानों का सिलसिला अभी थमा नहीं है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर पॉल न्यूमैन ने टीम इंडिया पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय टीम ने सीरीज व टेस्ट क्रिकेट का सम्मान नहीं किया। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि टीम इंडिया पर यह आरोप भी लगाया कि उन्होंने कोरोना के दिशानिर्देशों की धज्जियां उड़ाईं।
विज्ञापन
पॉल न्यूमैन यहीं नहीं रुके, उन्होंने टीम इंडिया के खिलाड़ियों, बीसीसीआई और आईपीएल की भी खूब आलोचना की। दरअसल, न्यूमैन ने डेली मेल के लिए अपने कॉलम में लिखा है कि भारत ने सीरीज का सम्मान नहीं किया। चौथे टेस्ट से पहले टीम ने कोरोना के दिशानिर्देशों की धज्जियां उड़ाते हुए टेस्ट क्रिकेट का सम्मान नहीं किया। बता दें कि इस पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर ने लंदन में चौथे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री के पुस्तक विमोचन कार्यक्रम को भी जिम्मेदार ठहराया।
गौरतलब है कि भारत के सहायक फिजियो योगेश परमार के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद टीम इंडिया ने पांचवां टेस्ट खेलने से मना कर दिया था। न्यूमैन ने कहा कि आईपीएल अनुबंध वाला कोई भी भारतीय खिलाड़ी इस टेस्ट में खेलने का जोखिम नहीं उठाना चाहता था। अगर कोई खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव हो जाता तो उसे 10 दिनों के लिए क्वारंटीन में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता और इस तरह वो खिलाड़ी 19 सितंबर को यूएई में होने वाले आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में खेलने से चूक जाता।