लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर चमरौली पेट्रोल पंप के पास बुधवार देररात किसी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें कन्नौज के रानीअवंतीबाई नगर निवासी युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तलाशी में युवक की जेब से मिले आईकार्ड व फोन नंबर से परिजनों को सूचना दी।
कानपुर के मोहल्ला चुन्नीगंज निवासी पंकज (35) पुत्र राम औतार मूलरूप कन्नौज जिले के रानीअवंतीबाई नगर का रहने वाला था। वह एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में एजेंट था। बुधवार सुबह कंपनी के काम से वह बाइक से लखनऊ गया था। देर रात वापस कानपुर आ रहा था। तभी अजगैन थाने के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लगभग आधे घंटे तक पंकज वहीं तड़पता रहा, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
सिपाही जब तक मौके पर पहुंचे उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी में युवक की जेब से मिली डायरी में लिखे मोबाइल नंबर से सूचना उसके परिजनों को दी गई। मृतक पंकज के पिता रामऔतार ने बताया कि मृतक की पत्नी कामिनी के अलावा एक बेटी चार्वी (5) है। एसओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हादसे का शिकार हुआ पंकज माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह उनके बुढ़ापे का सहारा था। पोस्टमार्टम हाउस में मिले पंकज के पिता रामऔतार बार-बार बेहोश हो जाते। कांपती हुई जुबान से बस यही आवाज निकल रही थी कि अब आगे परिवार कैसे चलेगा।