26jjrp13- आयोजकों से पदक प्राप्त करते हुए दीपांशी जाखड़। स्रोत : कोच
साल्हावास। चेन्नई में आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मातनहेल ब्लॉक की दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। गांव हुमायूंपुर की दीपांशी जाखड़ ने हैमर थ्रो में रजत, जबकि गांव अमादलशाहपुर की दीक्षा यादव ने लंबी कूद में कांस्य पदक हासिल किया।
जिला एथलेटिक्स संघ के प्रधान जयप्रकाश जाखड़ ने बताया कि भिंडावास खेल नर्सरी की खिलाड़ी दीपांशी ने अंडर-20 आयु वर्ग में 51.30 मीटर हैमर थ्रो कर रजत पदक जीता। वहीं, लडायन खेल नर्सरी की दीक्षा ने अंडर-18 आयु वर्ग की लंबी कूद में 5.65 मीटर का प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता 23 से 27 अक्तूबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।
दीपांशी पिछले दो वर्षों से अपने चाचा बिल्लू के साथ भिंडावास खेल नर्सरी में कोच संजीता के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही है। उसने पिछले वर्ष 69वें नेशनल स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, दीक्षा अपने पिता के साथ लडायन खेल नर्सरी में कोच राजू के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करती है।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव एवं भीम अवार्डी चरण सिंह राठी और मातनहेल ब्लॉक समिति के चेयरमैन दीपक झांसवा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।