जसवंतनगर। सराय भूपत रेलवे क्राॅसिंग पर खाद से लदा एक ट्रैक्टर बीच ट्रैक पर फंस गया। ट्रैक्टर के फंस जाने के चलते गुरुवार को सुबह 11 बजे से लगभग 30 मिनट तक रेल यातायात बाधित रहा। इससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर कई ट्रेनें रोक दी गईं।
खाद की बोरियों से लदा ट्रैक्टर सराय भूपत रेलवे क्राॅसिंग से होकर गुजर रहा था। तभी ट्रैक्टर के एक बड़े पहिया में गड़बड़ी आ गई और वह ट्रैक पर फंस गया। ट्रैक्टर में वजन अधिक लदा होने के कारण ट्रैक्टर ट्रैक से नहीं निकल सका। इस पर तुरंत ही केबिन मेन ने मामले की जानकारी कंट्रोल को दी। इसके बाद अप-डाउन ट्रैक पर आने वाली ट्रेनों को पीछे ही रोक दिया गया।
ट्रैक्टर फंसने से फाटक पर भी दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही एसडीएम कुमार सत्यम जीत और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों व जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को ट्रैक से हटाया गया। ट्रैक्टर हटाए जाने के बाद रेलवे फाटक को बंद किया गया। तब कहीं जाकर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका। आरपीएफ ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लिया है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।