ऊर्जांचल में पेयजल संकट को लेकर मची रार ने आखिरकार अधिकारियों की तंद्रा तोड़ दी। जहां सीडीओ महेंद्र सिंह शुक्रवार देर रात तक औड़ी अनपरा, कुलडोमरी आदि गांवों का जायजा लेने पहुंचे, वहीं दुद्धी एसडीएम डा. विश्राम सिंह यादव ने शनिवार की दोपहर में अनपरा थाने में पानी संकट की जानकारी ली। अनपरा, औड़ी, कुलडोमरी, रणहोर में ग्रामीण कई दिनों से पानी संकट को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। शुक्रवार को प्रदर्शन भी किया।
हालात को देखते हुए औड़ी ग्राम पंचायत को पंचायत स्तर से एक टैंकर, अनपरा परियोजना से एक टैंकर, एनजीओ सहयोग सचिव पंकज मिश्रा की ओर से एक टैंकर उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा पंकज की ओर से बारह हजार लीटर का एक बड़ा टैंकर भी उपलब्ध कराया गया, जो औड़ी के साथ ही पूरे भाठ क्षेत्र में पानी उपलब्ध कराएगा। सभी का शनिवार की सुबह दस बजे नेहरू चौक से विधिवत संचालन शुरू किया गया।
अनपरा को एक टैंकर, कुलडोमरी को पांच टैंकर उपलब्ध कराए गए। म्योरपुर ब्लाक के कुल 21 ग्राम सभाओं में 48 टैंकर की व्यवस्था की गई है। वहीं पूरे दुद्धी तहसील क्षेत्र के लिए 114 टैंकर पानी आपूर्ति का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का अनुमान है कि इससे रोजाना 1.18 लाख लोगों को पानी उपलब्ध हो सकेगा।