गर्मी शुरू होते ही बिजली विभाग के रोस्टर में भी बदलाव हो गया है। नए रोस्टर में कटौती का एक घंटा और बढ़ गया है। अब आठ घंटे बिजली की कटौती होगी। कटौती का जो समय रखा गया है वह आम आदमी से लेकर छात्रों और व्यापारियों तक को प्रभावित करेगा। नया रोस्टर शहरियों को रास नहीं आ रहा है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश भी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी
गर्मी आते ही बिजली समस्या शुरू हो गई है। शनिवार से विभाग ने नया रोस्टर जारी कर दिया है। इसके तहत सुबह चार से छह बजे तक कटौती होगी। इसके बाद दिन में दस से लेकर दोपहर एक बजे तक और फिर शाम साढ़े सात से रात साढ़े दस बजे तक भी कटौती की जाएगी। इस तरह 24 घंटे में आठ घंटे कटौती होगी। इसके अलावा फाल्ट व अन्य कारणों से भी
करीब तीन से चार घंटे कटौती हो सकती है। कटौती का यह समय लोगों को रास नहीं आ रहा है। सुबह चार से छह बजे तक कटौती से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ेगा। शाम साढ़े सात बजे से रात साढ़े दस बजे तक की कटौती भी रुलाएगी। गर्मियों में शाम सात बजे से रात दस बजे तक बाजारों में अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में बिजली न आने से व्यवसाय
भी प्रभावित होंगे। दिन भर काम करने के बाद शाम को घर जाने वाले कर्मचारियों को भी बिजली के बिना परेशान होना पड़ेगा। कुल मिलाकर अब शहरियों को बिजली समस्या का सामना करने का समय आ गया है। इस बारे में अधीक्षण अभियंता एसएस प्रसाद ने बताया कि नया रोस्टर लागू कर दिया गया है। अब इसी रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई की जाएगी।