-फोटो 55 : परशुराम मार्ग पर स्थित माता मंदिर में सजाई गई माता की मूर्ति। संवाद
बहादुरगढ़। मां दुर्गा की आराधना का नौ दिवसीय पर्व शारदीय नवरात्र आज से शुरू होगा। पर्व को लेकर शहर के मंदिरों में साफ-सफाई और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं, बाजारों में पूजा सामग्री और व्रत से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालु मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर पर्व का शुभारंभ करेंगे।
नवरात्र को देखते हुए मंदिर परिसरों की सफाई और सजावट की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
बाजारों में बढ़ी पूजा सामग्री की मांग : नवरात्र से पहले बाजारों में पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। पूजा की थाली, चुनरी, नारियल, कलश, फूल और अगरबत्ती सहित व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीदारी के लिए लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं। फलाहार से जुड़ी वस्तुओं की भी मांग है। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए जरूरी सामान की व्यवस्था की है।
मां शैलपुत्री की पूजा से होगा शुभारंभ : नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। श्रद्धालु घरों और मंदिरों में कलश स्थापना कर मां की आराधना करेंगे। इसके साथ ही नौ दिनों तक व्रत और पूजा-अर्चना का सिलसिला चलेगा।