गजरौला। पितृ विसर्जन अमावस्या पर शनिवार को तिगरी और ब्रजघाट गंगा में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पितरों का तर्पण किया। तड़के सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु हाथों में कुशा लेकर गंगा तट पहुंचे और हर-हर गंगे के जयकारों के साथ डुबकी लगाई। स्नान के बाद धार्मिक अनुष्ठान कर गंगा में पुष्प प्रवाहित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
तिगरी निवासी पुरोहित पंडित गंगाशरण शर्मा के अनुसार, मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान और कुशा को जल अर्पित करने से पितरों का तर्पण होता है। सुबह से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा। गंगा तट गंगा मैया के जयकारों से गूंज उठे। संवाद