राजस्थान क्रिकेट संघ के बहुप्रतिक्षित चुनाव के लिए मतदान सोमवार सुबह आठ बजे प्रांरभ हो गया है। चुनाव प्रक्रिया में सोमवार को अचानक फिर फेरबदल हुआ जब चुनाव पर्यवेक्षक की मौजूदगी में दोनों गुट इस बात पर राजी हो गए कि मतदान के बाद मतगणना भी नहीं होगी। जबकि पूर्व में हाईकोर्ट ने कहा था कि मतगणना हो सकती है लेकिन चुनाव परिणाम सीलबंद रहेंगे। साथ ही भरतपुर क्रिकेट संघ को भी सोमवार को हाईकोर्ट ने राहत दी। हाईकोर्ट के अनुसार भरतपुर क्रिकेट संघ का मत सीलबंद नहीं रहेगा।
मुख्य न्यायधीश प्रदीप नन्द्राजोग और न्यायधीश एसपी शर्मा की खण्डपीठ ने आरसीए की अपील पर यह आदेश दिए है। मतदान के लिए जोशी—मोदी गुट के समर्थक आरसीए कार्यालय पहुंच गए है। छह पदों के लिए मतदान सुबह 11 बजे तक होगा। आरसीए चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सीपी जोशी व आईपीएल के पूर्व चेयरमैन रहे ललित मोदी के बेटे रूचिर मोदी के बीच है। दोनों ही गुटों ने सोमवार सुबह मतदान से पूर्व जीत का दावा किया।
जोशी गुट का दावा था कि कि उनके पास कुल 33 जिला संघों में से 22 का समर्थन है। वहीं सभी की निगाहें आमीन पठान पर भी है। हालांकि उन्हें ललित मोदी का धुर विरोधी माना जाता है लेकिन पिछले कुछ दिनों में उनके सुर मोदी के खिलाफ नरम सुनाई दिए है। गौरतलब है कि ललित मोदी के हाथ में आरसीए की कमान रही है जिसके चलते बीसीसीआई ने आरसीए पर बैन लगा रखा है। इसी कारण पिछले करीब तीन वर्ष से राजस्थान में कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेला जा सका है।