बहादुरगढ़। शहर में अवैध रूप से संचालित हो रही मांस की दुकानों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई की है। नगर परिषद की टीम ने अब तक ऐसे 70 दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। वीरवार को 31 दुकानदारों को नोटिस थमाया गया। चेतावनी दी गई है कि अगर तीन दिन में खुद दुकानों को बंद नहीं किया तो नगर परिषद प्रशासन उन्हें बंद करवा देगा। सोमवार से ऐसे दुकानों को सील करने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
नगर परिषद प्रशासन ने मीट की दुकानों को सील करने के लिए पुलिस फोर्स और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की मांग जिला प्रशासन से की है। नगर परिषद ने 10 अप्रैल को भी वार्ड-15 और वार्ड-31 में विशेष अभियान चलाते हुए 19 दुकानदारों को नोटिस थमाए गए थे। इसके कुछ दिन बाद भी कई दुकानदारों को नोटिस दिए गए। अब फिर से नोटिस देने की कार्रवाई की गई है।
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा ने बताया कि शहर के कई क्षेत्रों में बिना लाइसेंस और बिना अधिकृत स्लॉटर हाउस की अनुमति के मीट की बिक्री की जा रही है, जो हरियाणा म्यूनिसिपल एक्ट 1973 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
इस पर कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने तीन दिन तक लगातार सर्वे कर नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों की पहचान की। अब तक 70 दुकानों को नोटिस दिए जा चुके हैं। जल्द ही इन्हें सील भी किया जाएगा।