फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘मोदी ने गतिमान देकर बढ़ाया आगरा का मान’

Sat, 28 May 2016 12:36 AM IST
अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
मनाोज ‌स‌िन्‍हा - फोटो : अमर उजाला ब्‍यूूराो
विज्ञापन

विज्ञापन
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि रेलवे में आगामी तीन सालों में साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। जीवन बीमा निगम भी डेढ़ लाख करोड़ का निवेश करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने गतिमान एक्सप्रेस का संचालन कर आगरा को मान दिया है।
मोदी सरकार के दो पूरे होने के उपलक्ष्य में वे शुक्रवार को आगरा कैंट स्टेशन पर समेकित सुरक्षा प्रणाली (इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम) और आरओ प्लांट का तोहफा देने आगरा आए हुए थे। इनके शुभारंभ समारोह में उन्होंने कहा कि दो साल में रेलवे में अभूतपूर्व काम हुए हैं। डबल लाइन, ट्रिपल लाइन और चार लाइन के काम चल रहे हैं। रेल मंत्रालय का प्रयास है कि यात्री गाड़ियां ही नहीं मालगाड़ियां भी वक्त की पाबंद बनें। यही कारण है कि फ्रेट कारीडोर के जरिए गुड्स ट्रेन भी टाइम से आएंगी। वर्ष 2020 तक ऑन डिमांड रिजर्वेशन होगा। छोटे रास्तों पर डेमू और मेमू गाड़ियां चलाई जाएंगी। एक्सप्रेस गाड़ियों में दो से चार तक दीनदयालु कोच लगाए जाएंगे। तेजस, हमसफर और डबल डेकर ट्रेन उदय के संचालन की भी योजना है। समारोह में भाजपा सांसद चौधरी बाबूलाल ने आगरा कैंट और फतेहपुरसीकरी में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को दोहराया। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मोदी सरकार की उपलब्धियां बताईं। विधायक जगन प्रसाद गर्ग, योगेंद्र उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, विजय शिवहरे, डीआरएम प्रभाष कुमार, एडीआरएम एसपी सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन राकेश माथुर ने किया।
विज्ञापन

गुणगान दिल्ली का, निशाना लखनऊ पर
भाजपा का पूरा फोकस अब यूपी पर है। मोदी की कार्यशैली, केंद्र सरकार के काम और मंत्रियों की बेदाग छवि के सहारे भाजपा उत्तर प्रदेश में भी कमल खिलाना चाहती है। इसका शंखनाद गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर में किया। मौका भले ही केंद्र में एनडीए सरकार के दो साल पूरा होने पर सरकार के कामकाज का लेखाजोखा प्रस्तुत करने का था लेकिन इसके मूल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी ही थी। शुक्रवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में उनकी टीम की ‘लाइन-लेंथ’ भी यही थी। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के बाद वक्ताओं ने सपा-बसपा पर निशाना साधा कर कार्यकर्ताओं से प्रदेश में कमल खिलाने का आह्वान किया।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि साइकिल और हाथी वालों ने उत्तर प्रदेश को उल्टा प्रदेश बना दिया है। विकास के नाम पर यहां सिर्फ अपराध का ग्राफ बढ़ा है। कहा कि 2017 में भाजपा की सरकार बनाकर इसे उत्तम प्रदेश बनाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार भारत सरकार के कार्यों में रोड़े खड़े कर रही है। कहा कि कुछ लोग मोदी सरकार की उपलब्धियों का श्रेय खुद लेने में लगे हैं।
कैबिनेट मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाई-भतीजावाद की सरकार है। वह इसी प्रदेश की बेटी हैं, इसलिए यहां के हालातों को करीब से जानती हैं। सांसद व पूर्व मंत्री पूनम महाजन ने कहा कि कभी बसपा और सपा ने अपना लेखाजोखा प्रस्तुत नहीं किया है। उनकी सरकार और उनके मंत्री क्या करते हैं, किसी को पता ही नहीं चलता। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने कहा कि इस बार प्रदेश में भाजपा 265 प्लस से काफी अधिक सीटें जीतकर आएगी।
कार्यकर्ताओं में जोश, छोटा पड़ गया सूरसदन
लंबे समय बाद महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला। कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का रेला उमड़ पड़ा। स्थिति ये थी कि सूरसदन प्रेक्षागृह में बैठने को जगह नहीं थी। गैलरी और दरवाजों पर तमाम कार्यकर्ता खड़े थे। बहुत से लोग तो प्रेक्षागृह में प्रवेश ही नहीं कर पाए। महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी अच्छीखासी रही। बता दें कि इससे पहले सूरसदन में केशव प्रसाद मौर्य के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। ब्रज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था लेकिन तब प्रेक्षागृह भर नहीं पाया था।

‘केंद्र में मोदी, प्रदेश में योगी’
कार्यक्रम के दौरान सांसद योगी आदित्यनाथ के समर्थक तख्तियां लेकर मंच के सामने आ गए। वे ‘केंद्र में मोदी, प्रदेश में योगी’ के नारे लगा रहे थे। काफी देर तक वे मंच के सामने डटे रहे। वरिष्ठ नेताओं के आह्वान के बाद ही वे शांत हुए।
विज्ञापन

गुटबाजी, नेताओं की उपेक्षा भी खूब
कार्यक्रम में गुटबाजी और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा भी खूब हुई। मंच से उन कार्यकर्ताओं से अतिथियों का स्वागत कराया गया, जिनके पास पर संगठन का कोई दायित्व नहीं है। जबकि वरिष्ठ पदाधिकारी मंच के सामने हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। इतना ही नहीं, मंच पर भी बैठे कई वरिष्ठ नेताओं का नाम तक नहीं लिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें