- रेवाड़ी में किराये पर रह रहे थे श्रीकांत, रोहतक कैसे पहुंचा युवक, पुलिस कर रही जांच
- मायना हेड के पास निकाला नहर पर मौजूद युवकों ने, नहीं बचा सके जान
- रोहतक में किसलिए आया, जांच कर रही पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। पहरावर और मायना हेड के बीच मंगलवार शाम नहा रहे आगरा के श्रीकांत (27) की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय युवकों ने नहर में कूदकर उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके। फिलहाल, शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली कि बाइक सवार युवक जेएलएन नहर के पास से गुजर रहा था। बाइक सड़क किनारे खड़ी करके नहाने के लिए नहर में उतर गया। तेज बहाव के कारण डूब गया।
बचाओ-बचाओ की आवाज सुनकर नहर में पर मौजूदा तीन युवकों ने नहर में कूदकर बचाने का प्रयास किया लेकिन जब तक युवक को निकाला, वह बेहोश हो चुका था। सूचना पाकर शिवाजी कॉलोनी थाने से पुलिस मौके पर और युवक को पीजीआई ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की जेब से मिले कागजात से पता चला कि वह यूपी के आगरा निवासी श्रीकांत हैं और रेवाड़ी में किराये पर रहते थे। जांच टीम यह पता नहीं कर सकी है कि रोहतक में युवक किस काम से आया हुआ था। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी का कहना है कि परिजनों के आने के बाद पता चल सकेगा कि आखिर युवक श्रीकांत रोहतक कैसे पहुंचा।