बहादुरगढ़। अहिंसा परमो धर्म के उद्घोष और आत्म-कल्याण के मार्ग को प्रशस्त करने के लिए दिगंबर जैन समाज के विख्यात संत परम पूज्य मुनि 108 अनुसरण सागर महाराज (संसंघ) का लंबे अंतराल के बाद बहादुरगढ़ की धरा पर आगमन होगा।
जैन धर्म की श्रमण संस्कृति के प्रतीक मुनिश्री का यह प्रवास शहर में आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा। मुनिश्री की पदयात्रा बुधवार को प्रात पांच बजे रोहद से प्रारंभ होगी। बहादुरगढ़ की सीमा पर प्रात 6:30 बजे सेक्टर-6 की तीसरी पुलिया के समीप श्रद्धालु उनकी अगवानी करेंगे।
यहां से बैंड-बाजों, मंगल कलश और जयकारों के साथ एक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण करते हुए पद्मप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, गांधी चौक पहुंचेगी। मुनिश्री के सान्निध्य में जैन धर्म के 16वें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
इस महान तीर्थंकर के निर्वाण लाडू अर्पण के साथ-साथ 15 मई को प्रात: 6 बजे से मंदिर परिसर में संगीतमय शांति विधान का आयोजन होगा। मंत्रोच्चार और भक्ति के सुरों के बीच विश्व शांति की मंगल कामना की जाएगी।
जैन समाज के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मुनिश्री का प्रवास केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि धर्म-लाभ लेने का एक अनुपम अवसर है। श्रद्धालुओं को मुनिश्री की आहारचर्या में सहभागी बनकर अतिथि संविभाग व्रत का पालन करने और उनके अमृतमयी प्रवचनों से जीवन को संयमित बनाने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
पद्मप्रभु दिगंबर जैन मंदिर समिति एवं सकल जैन समाज ने समस्त नगरवासियों से सपरिवार पधारने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि संतों का सान्निध्य भव-भ्रमण से मुक्ति और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाता है।