झज्जर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के तहत जिले में वीरवार 12 नवंबर को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
सिविल सर्जन डाॅ. मंजू कादियान ने बताया कि जिले भर में 3 लाख से ऊपर बच्चे एल्बेंडाजोल गोली खाएंगे।कार्यक्रम की तैयारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
जिले के सीएचसी एवं पीएचसी स्तर पर चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, आशा वर्कर, एमपीएचडब्ल्यू एवं संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारियों को कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पेट में कृमि होने से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में खून की कमी, कमजोरी, पोषक तत्वों के अवशोषण में कमी और शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
कई बार पेट में कृमि होने के बावजूद स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए अभियान के दौरान निर्धारित आयु वर्ग के पात्र बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा देना महत्वपूर्ण है।
बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही एल्बेंडाजोल की गोली खिलाएं। छोटे बच्चों को गोली देने की विधि स्वास्थ्य कर्मी के निर्देशानुसार अपनाएं और बड़े बच्चों को गोली अच्छी तरह चबाकर खिलाई जाए।
बच्चा उस समय अधिक बीमार हो या दवा देने को लेकर कोई विशेष चिकित्सकीय समस्या हो तो स्वास्थ्य कर्मी/डाॅक्टर की सलाह लें। गोली खाने के बाद बच्चे में हल्की मिचली, पेट में दर्द या असहजता जैसे लक्षण हो सकते हैं। परेशानी अधिक होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।