ट्रक ने खड़ी कार में मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल
अरनियां। क्षेत्र के गांव दशहरा स्थित चामंड मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक ने हाईवे पर किनारे खड़ी कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में व्यक्ति की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा।
शुक्रवार तड़के अलीगढ़ की गंगानगर कॉलोनी निवासी अमित(35) पुत्र रमेशचंद्र अपने रिश्तेदारों के साथ खुर्जा से घर जा रहे थे। रास्ते में गांव दशहरा स्थित चामंड मंदिर के निकट अचानक उनकी कार में खराबी आने से बंद हो गई। अमित हाईवे पर कार को किनारे कर उसे देखने लगे। इसी दौरान खुर्जा की तरफ से आ रहा परचून के सामान से भरा एक ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया। डिवाइडर को तोड़ते हुए ट्रक हाईवे पर किनारे खड़ी कार से भिड़ गया। हादसे में कार सवार अमित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार धर्मपाल पुत्र जगदीश निवासी अलीगढ़ और ट्रक चालक नदीम पुत्र मुकीम निवासी रामपुरी कॉलोनी मुजफ्फरनगर घायल हो गए। राहगीर मौके की तरफ दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक अमित के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी रमाकांत यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।