07jjrp09- एसआईआर के तहत मंगलवार को गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण करते ईआरओ। स
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार को निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अभियान में तेजी लाने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने एसआईआर प्रक्रिया की लगातार निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की अहम भूमिका है। उन्होंने बीएलए से अपील की कि वे अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट एवं मृत (एएसडीडी) मतदाताओं की पहचान में बीएलओ का सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ ने निरीक्षण किया। झज्जर में एसडीएम रवि मीणा, बेरी में एसडीएम रेणुका नांदल, बादली में एसडीएम विशाल कुमार और बहादुरगढ़ में एसडीएम अभिनव सिवाच ने बीएलओ से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने कहा कि बीएलए और बीएलओ आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जरूरत पड़ने पर स्थानीय नागरिकों और पड़ोसियों से जानकारी लेकर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन करें। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 14 जुलाई का इंतजार न करें और अपने गणना प्रपत्र जल्द भरकर बीएलओ को उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने बताया कि प्रारूप सूची में शामिल नहीं होने वाले मतदाताओं की बूथवार सूची पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों और संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि पात्र नागरिक समय पर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकें।