जसवंतनगर। कचौरा घाट बाईपास मार्ग स्थित भोगनीपुर गंग नहर पुल पर शुक्रवार को जाम लगा रहा। पुल संकरा होने के चलते यहां से दो बड़े वाहन एक साथ नहीं निकल सकते। अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक पांच घंटे जाम लगा रहा। पुल के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लगी रहीं।
बता दें कि यह पुल प्रदेश को मध्यप्रदेश, राजस्थान और आगरा, मैनपुरी, धौलपुर को जोड़ता है। इन जगहों को आने जाने के लिए इसी पुल से होकर वाहन आते-जाते हैं। इसके चलते हाईवे, जसवंतनगर बाजार और आसपास के गांवों से चलने वाले वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे। शुक्रवार सुबह से लगे जाम में आगरा, कानपुर, मैनपुरी और धौलपुर की ओर जाने वाले ट्रक व डंपर शामिल रहे।
स्थिति गंभीरी होने पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने पुल से एक एक ओर से वाहनों को निकलवाना शुरू किया, इसके बाद भी दोपहर यहां जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर तेज धूप और उड़ती धूल से यहां फंसे दो पहिया वाहन सवार भी जूझते रहे। स्कूली वाहनों के फंस जाने से बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण संजू, शिवकांत, राकेश, सत्यपाल, जयवीर, राजकिशोर आदि ने बताया कि पुल का चौड़ीकरण लंबे समय से लंबित है, जिस कारण आए दिन जाम लगता है। भोगनीपुर गंग नहर के जेई महिपाल सिंह के अनुसार नया पुल बनाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है, स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।