बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर ली फार्म के पास कार की पिछली सीट से पांच लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। रुपये लेकर भाग रहे एक आरोपी को कार मालिक ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसके तीन साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव नूना माजरा निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर हैं। वह किसी परिचित को पांच लाख रुपये देने के लिए 23 सितंबर को उसने एसबीआई से दो लाख रुपये निकाले थे। तीन लाख रुपये पहले से उसके पास थे। उसने 500-500 रुपये के नोटों की 10 गड्डियां बनाकर हल्के हरे रंग की पॉलीथिन में रखीं और स्कॉर्पियो की पिछली सीट पर रख दीं।
नवीन के अनुसार, 7 अक्तूबर को वह ली फार्म के मुख्य गेट के पास परिचित का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने ड्राइवर साइड की खिड़की खटखटाकर सड़क की ओर इशारा किया। कुछ देर बाद दूसरे युवक ने भी ऐसा किया। नीचे उतरकर देखने पर उसे सड़क पर 10-10 रुपये के करीब 15-20 नोट पड़े मिले। इसी दौरान उसने कार में रखी पॉलीथिन गायब देखी।
शक होने पर उसने खिड़की खटखटाने वाले युवक का पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम सतीश निवासी मादुरा हिंदगम, जिला मदुरै, तमिलनाडु बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने आरोन, शक्ति और वेंकटेश के साथ वारदात करना स्वीकार किया। थाना शहर एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश और पांच लाख रुपये की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।