बहादुरगढ़। शहर का मेन बाजार सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यापारिक जगहों में शुमार है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस बाजार में रोजाना हजारों ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। यहां कपड़ा, ज्वेलरी, किराना, कॉस्मेटिक, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य व्यवसायों से जुड़ी 200 से अधिक दुकानें संचालित हैं।
करोड़ों रुपये का कारोबार होने के बावजूद बाजार में आज तक सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। जिससे महिलाओं को असुविधा होती है। शौचालय की सुविधा न होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को होती है। कई बार ग्राहक मजबूरी में बाजार छोड़कर अन्य स्थानों पर शौचालय की तलाश करते हैं।
दुकानदार अरविंद जैन का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सार्वजनिक शौचालय की मांग को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष मामला उठाया जा चुका है।
हर बार आश्वासन तो मिला, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों का कहना है कि शहर के सबसे पुराने और बड़े बाजार में ऐसी मूलभूत सुविधा का अभाव होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
दुकानदार नरेश सैनी का कहना है कि बाजार में प्रतिदिन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों से भी लोग पहुंचते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में शौचालय की आवश्यकता और भी अधिक महसूस होती है।
उनका कहना है कि यदि बाजार में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण हो जाए तो ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी और बाजार की सुविधाएं भी बेहतर होंगी।
दुकानदार गौरव आहूजा ने प्रशासन से मांग की है कि मेन बाजार में स्थान चिह्नित कर जल्द सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए। करोड़ों रुपये के कारोबार और हजारों लोगों की आवाजाही वाले बाजार में यह सुविधा जरुरी है। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने का इंतजार व्यापारियों और ग्राहकों को आज भी है।
मेन बाजार में शौचालय बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। लोगों की समस्या का समाधान होगा।
-सरोज राठी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, बहादुरगढ़।
-फोटो 52 :
-फोटो 53 :
-फोटो 54 :
-फोटो 55 :
-फोटो 52 : अरविंद जैन
-फोटो 52 : अरविंद जैन
-फोटो 52 : अरविंद जैन