बहादुरगढ़। ऑटो मार्केट में पार्किंग बनाने की मांग को लेकर व्यवसायी काफी लंबे समय से आवाज उठाते आ रहे हैं। विधायक ने पूरे कार्य का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। इसी को लेकर ऑटो मोबाइल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक राजेश जून से मिलकर उनका आभार व्यक्त किया।
मंडल ने प्रस्तावित पार्किंग रोड व फुटपाथ निर्माण कार्यों की स्वीकृति दिलाए जाने पर विधायक को बुके भेंट कर उनका आभार जताया।
एसोसिएशन पदाधिकारियों में चेयरमैन राजेंद्र अरोड़ा, प्रधान रोहतास डागर और महासचिव गजेंद्र सांगवान ने बताया कि ऑटो मार्केट की पार्किंग रोड और पेवमेंट निर्माण का एस्टीमेट तैयार होकर पंचकूला भेजा जा चुका है।
विज्ञापन
इस कार्य के लिए करीब 17.70 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है। यह निर्माण कार्य आरसीसी से किया जाएगा। विभाग पहले तारकोल आधारित पार्किंग बनाने की योजना पर कार्य कर रहा था।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि कंक्रीट से बनी पार्किंग वर्षों तक टिकाऊ रहेगी और बारिश के दिनों में पानी भरने पर भी क्षतिग्रस्त नहीं होगी। विधायक राजेश जून ने भी आश्वासन दिया कि वे जल्द ही पंचकूला जाकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।