झज्जर। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में पठन वर्धन सप्ताह और स्पेल बी प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 1.62 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।
राज्य परियोजना निदेशक की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के 10,864 स्कूलों को प्रति स्कूल 1,500 रुपये दिए जाएंगे। झज्जर जिले के 291 प्राथमिक स्कूलों के लिए 4 लाख 36 हजार 500 रुपये और 52 उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए 78 हजार रुपये जारी किए गए हैं। इस तरह जिले के 343 स्कूलों को कुल 5 लाख 14 हजार 500 रुपये मिलेंगे।
प्रदेश स्तर पर 8,652 प्राथमिक स्कूलों के लिए 1.29 करोड़ रुपये और 2,212 उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए 33.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
21 नवंबर तक होंगी स्पेल बी प्रतियोगिताएं
कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 21 नवंबर तक स्कूल स्तर पर स्पेल बी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बजट में बैनर और फोटोग्राफी के लिए 500 रुपये, स्टेशनरी के लिए 400 रुपये और 12 विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देने के लिए 600 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए हुआ पठन वर्धन सप्ताह
कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 2 से 7 नवंबर तक पठन वर्धन सप्ताह मनाया गया। इसके तहत रीडिंग मेले आयोजित किए गए। इनमें एसएमसी सदस्यों और अभिभावकों के जलपान, स्टेशनरी तथा विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देने के लिए प्रति स्कूल 1,500 रुपये निर्धारित किए गए थे।