250 गुंडे-बदमाशों की थाने में लगाई परेड
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी रायपुर में अब बदमाशों की खैर नहीं है। रायपुर में बढ़ते अपराध से आम जनता खौफ में हैं। गुंडे-बदमाश चोरी, मारपीट, पुरानी रंजिशों में मारपीट, आम लोगों को डराने धमकाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में रायपुर पुलिस ने 250 से अधिक गुंडों बदमाशों की परेड ली। सभी बदमाशों को थाना में बुलाकर फटकार लगाई है।
छत्तीसगढ़ आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं। सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारी को अपने-अपने थाने क्षेत्रों के गुंडा-बदमाशों और अपराधिक तत्वों की चेकिंग कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
इस दौरान अपने अपने इलाकों के थाना क्षेत्रों में निवासरत् 250 से अधिक गुंडा-बदमाशों और अपराधिक तत्वों को थानों में तलब कर उनकी परेड़ ली गई। उनको समझाया गया कि वे अपराधों से दूर रहकर शांति पूर्वक अपने परिवार के साथ जीवन यापन करें। पुलिस जब भी उन्हें बुलाने पर उपस्थित हो। अपने क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। कुछ सक्रिय कुछ बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।