रायपुर बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने की केंद्रीय मंत्री हददीप पुरी से मुलाकात
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर के भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री डॉ. हरदीप पुरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम क्षेत्र में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में 148 कार्यों में हुए और हो रहे भ्रष्टाचार की सूची सौंपकर जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, सांसद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, रायपुर शहर भाजपा अध्यक्ष जयंती पटेल पार्षद मृत्युंजय दुबे और अन्य शामिल थे।
दूसरी ओर रायपुर के साइंस कॉलेज स्थित ‘एजुकेशन हब’में चौपाटी निर्माण के विरोध में भाजपा के अनिश्चितकालीन धरने का आज आठवां दिन रहा। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने दिल्ली रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में कहा कि स्मार्ट सिटी के विपरित जाकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी सामने आई तो पूरे पार्षद दल ने आवाज उठाई। पूरा पार्षद दल केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करेगा। पैसे के बंदरबांट की जांच कर ऐसे अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे, जिससे भविष्य में जनता के हित में काम करे और पैसे का दुरुपयोग करने वालों को सजा मिल सके।
'पैसे का अपव्यय'
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रायपुर स्मार्ट सिटी के लिए जो पैसा दिया गया, उसका अपव्यय किया गया। योजना का परिवर्तन कर कई जगह ऐसे काम किए गए, जो पब्लिक के लायक ही नहीं हैं। जनप्रतिनिधियों तक को पता ही नहीं है कि उनके वार्ड में कौन का काम कहां हो रहा है।