छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक मामला सामने आया है जिसमें एक युवक ने एक पुलिसकर्मी द्वारा घूस मांगे जाने के बाद जहर खा लिया। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है और मामला खुलने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना बुधवार की है।
बोड़रा गांव के रहने वाले जितेंद्र साहू का अपने पिता के दोस्त के साथ किसी बात पर विवाद हुआ था। इस मामले में पिता के दोस्त ने जितेंद्र के खिलाफ अर्जुनी थाना में मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई थी। जितेंद्र के माता-पिता का आरोप है कि समझौता कराने के लिए एएसआई दुलाल नाथ ने एक लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी और पैसा न देने पर जेल में बंद कर देने की धमकी दी थी।
विज्ञापन
इससे डरकर जितेंद्र ने 90 हजार रुपये एएसआई को दिए। बुधवार को बाकी बचे 40 हजार रुपये के लिए एएसआई ने जितेंद्र को फोन किया था। इससे परेशान जितेंद्र ने अपने घर में ही जहर खा लिया। फिलहाल उसका जिले के बठेना अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, इस मामले में कार्रवाई करते हुए बुधवार की शाम को एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने एएसआई दुलाल नाथ को निलंबित कर दिया था।