चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के छात्रावासों में एक कमरे में एक विद्यार्थी को रखा जा रहा है। इस व्यवस्था का विरोध छात्रों ने किया है। उन्होंने कहा है कि जब विद्यार्थियों से कोरोना रिपोर्ट ली जा रही है और कोरोना वैक्सीन का प्रमाण पत्र लिया जा रहा है तो फिर एक कमरे में एक ही विद्यार्थी को क्यों रखा जा रहा है। ऐसा करने से बाकी के विद्यार्थियों को छात्रावास नहीं मिल पाएंगे। ऐसे में एक कमरे में कम से कम दो छात्रों को जगह दी जाए।
पीयू ने हाल ही में परास्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कैंपस खोला है। विद्यार्थी जैसे ही पहुंचे तो उन्होंने छात्रावास की मांग की। पीयू ने नियमों का हवाला देते हुए एक कमरे में एक ही विद्यार्थी को रहने की सलाह दी। इस व्यवस्था के कारण गिनती के ही विद्यार्थियों को कमरे मिल रहे हैं। तमाम विद्यार्थियों को बाहर किराये पर कमरे लेने पड़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि अभी और विभाग खुलेंगे। ऐसे में सभी छात्रों को छात्रावास नहीं मिल पाएंगे। इस व्यवस्था को पीयू को बदलना होगा। इस बारे में छात्रों ने पीयू प्रशासन को पत्र भी भेजा है।