चंडीगढ़। कांग्रेस ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को एक पत्र लिख कर दो महीने की स्कूल फीस, बिजली और पानी का बिल माफ करने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने बताया कि लंबे समय तक लॉकडाउन होने के कारण शहर के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के लोग बड़े पैमाने पर आर्थिक बोझ का सामना कर रहे हैं।
छाबड़ा ने कहा कि पंजाब और राजस्थान की राज्य सरकारों ने पहले ही लॉकडाउन अवधि के दौरान पूरी स्कूल फीस माफी का आदेश दिया है। छात्रों के माता-पिता पर काफी आर्थिक बोझ है, उसे कम किया जाए। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि स्कूल कर्मचारियों को वेतन का भुगतान भी अवश्य होना चाहिए। हम समझ सकते हैं कि इस कदम से स्कूल प्रबंधन को भारी वित्तीय नुकसान होगा, लेकिन उन्हें यह महसूस करने की जरूरत है कि देश संकट की स्थिति से गुजर रहा है। यह स्थिति पहले की तरह सामान्य नहीं है। छाबड़ा ने कहा कि लॉकडाउन में कमाई न होने के कारण बिजली-पानी के बिल भी प्रशासन माफ करे। पीजी में रहने वाले जो लॉकडाउन के वहां नहीं रह रहे थे उन्हें लॉकडाउन की उस अवधि के लिए किराया माफ होना चाहिए। उन्हें भुगतान करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। छाबड़ा ने यूटी प्रशासक से इन सिफारिशों पर विचार-विमर्श करने का अनुरोध किया है।